भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत


मनेंद्रगढ़। CG Accident News : मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर इमली गोलाई के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

अस्पताल से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, दो युवतियां और एक युवक बाइक से अस्पताल में इलाज कराने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इमली गोलाई के पास उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। हादसे में युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरी युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अंबिकापुर रेफर करने के बाद भी नहीं बची जान

हादसे की खबर मिलने पर पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कामरो भी अस्पताल पहुंचे। घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

तीनों मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ग्राम नगोई निवासी भवन सिंह (27), ग्राम बरबसपुर निवासी भूमिका (18) और ग्राम नगोई निवासी प्रमिला (20) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button