#Social

राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का हुआ समापन


Durg. दुर्ग। जिले के विकासखण्ड दुर्ग अंतर्गत ग्राम कुथरेल में राष्ट्रीय सेवा योजना अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय शिविर का आज समापन हुआ। सेठ आर.सी.एस. कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय दुर्ग एवं इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय वैशाली नगर भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर के समापन समारोह में संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर शामिल हुए। शिविर में उक्त दोनों महाविद्यालय के स्वयंसेवी विद्यार्थियों के अलावा स्थानीय स्कूल के बच्चे भी शामिल थे। समारोह को सम्बोधित करते हुए आयुक्त राठौर ने स्वयंसेवी सेवकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बाधाई दी। उन्होंने कहा कि शिविर में शामिल सभी विद्याथिर्यों को इन सात दिनों में बहुत सिखने का अवसर मिला होगा। समूह में काम करने का अपना अलग ही अंदाज है।
संभाग आयुक्त श्री राठौर ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। स्वयंसेवी विद्यार्थियों ने सेवा के माध्यम से धर्म को सिखा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा के साथ अच्छी पढ़ाई कर अपने-आप को मजबूत बनाने की समझाईश दी। साथ ही विद्यार्थियों को अपने कैरियर पर विशेष ध्यान देने की बाते कहीं। संभाग आयुक्त राठौर ने इस सात दिवसीय शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवियों को अपने करकमलों से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। वैशाली नगर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका मेश्राम ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और

शिविर के सफल आयोजन के लिए उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। ग्राम पंचायत कुथरेल के सरपंच श्रीमती रश्मि चन्द्राकर ने भी शिविर के संबंध में अपने विचार व्यक्त किये। शिविर में सम्मिलित स्वयंसेवी विद्यार्थियों ने शिविर के दौरान किये कार्यों और अनुभव के संबंध में अपने विचार साझा किये। इस अवसर पर राष्ट्रीय योजना के प्रभारी अधिकारी, प्राध्यापक गण, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयंसेवी विद्यार्थी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button