#Social

सड़क पर ही छात्रा का गला घोंटने लगा सिरफिरा, मच गया हड़कंप, इकट्ठा हो गई भीड़


अमरोहा: अमरोहा के गजरौला गांव में एक युवक ने मेडिकल की छात्रा का गला उसी के दुपट्टे से घोंटकर मारने का प्रयास किया। आसपास मौजूद लोगों ने छात्रा को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।
कई लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया। इस दौरान युवक ने कहा- वह छात्रा को बीते चार साल से प्यार करता है। उसे किसी और का नहीं होने देगा। भीड़ ज्यादा बढ़ने पर आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। उधर परिजनों ने छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, एक गांव निवासी युवती एक मेडिकल कालेज में जीएनएम की छात्रा है। आरोपी भी उसी गांव का रहने वाला है। बीते कुछ दिनों में उसने छात्रा को कई बार दूसरे युवकों से बात करते हुए देख लिया था। जिसके चलते वह छात्रा से नाराज था।
शनिवार शाम छात्रा स्कूटी से अपने गांव से गजरौला आ रही थी। तभी रास्ते में उसे युवक खड़ा मिला। युवक ने उसकी स्कूटी रुकवाते हुए नीचे उतरकर बात करने की बात कही। इसी दौरान दोनों के बीच बहस हो गई। जिसके बाद गुस्साए आरोपी ने छात्रा को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। उसका दुपट्टा खींचा। उसका गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया।
युवती के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने आरोपी से युवती को छुड़ाया। इतने में वह वहां से भाग निकला। इस बीच भीड़ में शामिल किसी शख्स ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक बीच सड़क पर युवती का गला घोंट रहा है। दोनों सड़क पर गिरे हुए हैं। आस-पास लोगों की भीड़ लगी है। युवक चेहरे पर मफलर बांधे हैं। कस गला दबा रहा है। भीड़ ने पहले छुड़ाने की कोशिश की। लेकिन वह नहीं छोड़ता है। फिर भीड़ बमुश्किल उसे छुड़ाती है।
भीड़ के बीच घिरा आरोपी बिल्कुल बेखौफ दिखा। खुद के पकड़े जाने के डर से उसने कहा कि वह छात्रा को बीते चार साल से प्यार करता है। उसे किसी और का नहीं होने देगा। काफी देर तक गला दबाए जाने से छात्रा बेहोश हो गई। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने छात्रा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह ने बताया कि घटना को लेकर तहरीर मिली है। जिसके आधार पर आरोपी राहुल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस की तीन टीम आरोपी की तलाश में जुटी है। उसके घर भी दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला। सर्विलांस की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button