#Social
सरकार की नीतियों के खिलाफ खोला मोर्चा

Solan. सोलन। मिड-डे-मील वर्कर्स यूनियन सोलन का जिला सम्मेलन रविवार को आयोजित किया गया, जिसमें जिला सोलन के नौ ब्लॉक से लगभग 150 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में मिड-डे-मील वर्कर्स यूनियन की राज्य सचिव हिमी देवी, सीटू के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगत राम और जिला सचिव मोहित वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन में मिड-डे-मील वर्कर्स से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने सरकार की श्रमिक-विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना की और मिड-डे-मील कर्मियों को न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा लाभ और नियमितीकरण जैसे अधिकार दिलाने की मांग
उठाई।
सभा के अंत में यह निर्णय लिया गया कि 20 मई को सभी मिड-डे-मील वर्कर्स हड़ताल पर जाएंगे और सरकार की जनविरोधी एवं परियोजना कर्मचारियों के प्रति उदासीन नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे। सम्मेलन में 25 सदस्यीय जिला कमेटी का भी गठन किया गया, जिसमें निशा को जिला अध्यक्ष, सपना को सचिव और रीता को कोषाध्यक्ष चुना गया। मिड-डे-मील वर्कर्स यूनियन ने सरकार से अपील की है कि वह उनकी मांगों को गंभीरता से ले, अन्यथा आगामी समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



