#Social
होली मेले के लिए सजने लगा पांवटा

Paonta Sahib. पांवटा साहिब। पांवटा साहिब में नगर परिषद द्वारा आयोजित किए जाने वाले ऐतिहासिक होली मेले के लिए नगर परिषद मेला मैदान में झूले लगने शुरू हो चुके हैं। इस बार मेले में करीब एक दर्जन विभिन्न प्रकार के झूले व अन्य मनोरंजन के साधन लगेंगे, जिसमें कुछ नए झूले भी हैं। नगर परिषद पांवटा द्वारा यह मेला 13 मार्च से शुरू होकर 22 मार्च तक लगाया जा रहा है। मेले के लिए दुकानें भी लगनी शुरू हो गई हैं। इस बार मेले की रौनक अच्छी रहने की प्रबल संभावना है, क्योंकि जब मेला शुरू होगा तब तक 50 फीसदी स्कूली बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं खत्म हो चुकी होंगी। इसी आस में झूला मालिक की भी बांछे खिल गई हैं। वहीं नगर परिषद ने मेले के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार मेला 13 मार्च से 22 मार्च तक होगा व विशाल दंगल के साथ मेले का समापन होगा।
इस बार भी मेले के आयोजन को लेकर अभी तक हुई झूलों और प्लाट आदि की नीलामी से नगर परिषद ने एक करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर ली है। इसमें जहां झूलों की नीलामी 57 लाख रुपए जीएसटी 18 प्रतिशत अतिरिक्त पर हुई। वहीं प्लाटों का ठेका भी 37 लाख में प्लस जीएसटी के साथ हुआ है। इसी के साथ-साथ बिजली की नीलामी से नगर परिषद ने चार लाख एक हजार रुपए कमाए हैं। जीएसटी नगर परिषद ने ठेकेदरों से ही लिया है, जिस कारण नगर परिषद की नेट इनकम एक करोड़ से अधिक की हुई है। वहीं, मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी और हिमाचली कलाकार आ रहे हैं। नप के कार्यकारी अधिकारी एवं एसडीएम पांवटा गुंजित सिंह चीमा ने बताया कि नगर परिषद ने होली मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह विशेष ध्यान रखा गया है कि दुकानदारों को भी उचित मूल्य पर प्लाट मिलें और जनता को भी महंगे दाम पर सामान न मिले। उन्होंने लोगों को होली की मुबारकबाद देते हुए कहा कि सभी प्यार से होली खेलें। पांवटा को स्वच्छ रखें, गंदगी न फैलाएं व प्लास्टिक का उपयोग भी न करें।




