#Social

35 साल से फरार छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार


Ramganj Mandi. रामगंज मंडी। लड़की से छेड़छाड़ के मामले में पिछले 35 साल से फरार आरोपी को पुलिस ने आज(मंगलवार) गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने अपना नाम और धर्म तक बदल लिया था। मामला कोटा जिले के सुकेत थाना क्षेत्र का है। सुकेत एसएचओ छोटूलाल ने बताया- 1990 में रामगंजमंडी थाने में एक बकरी चराने वाली लड़की ने थाना क्षेत्र के हरिपुरा निवासी बालचंद बैरवा (57) पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। पुलिस जब आरोपी के गांव में दबिश के लिए पहुंची तो आरोपी मौके से फरार होकर कोटा में अपने दोस्तों के पास पहुंच गया था।
बालचंद ने दोस्तों की मदद से मैकेनिक का काम शुरू किया। इस दौरान पास में ही रहने वाली अन्य धर्म की युवती से उसका प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। फरारी के दौरान ही उसने धर्म बदलकर युवती से शादी कर ली। इसके बाद बालचंद ने अपना नाम बदलकर कल्लू पुत्र गफ्फार कर लिया। फिर आरोपी कोटा में ट्रक ड्राइवर का काम करने लगा। थानाधिकारी ने बताया कि 2005 में सुकेत थाना बना, जिसके बनने के बाद आरोपी बालचंद की फाइल यहां पहुंची। 2011 में रामगंजमंडी कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया। मगर आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा।
थानाधिकारी ने बताया- कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के निर्देश पर स्थायी वारंटी की धरपकड़ का अभियान शुरू किया गया। जब बालचंद की तलाश की गई, तो पूछताछ में सामने आया कि बालचंद कोटा में रहता है। लेकिन धर्म और नाम बदलने की वजह से आरोपी पकड़ में नहीं आया। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि आरोपी कोटा के किशोरपुरा में नाम बदलकर रह रहा है। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया- बालचंद उर्फ कल्लू के 5 बच्चे हैं। जिनमें 4 बेटियां और एक बेटा है। 2 लड़कियों की शादी हो चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button