CGNews-दर्रीपार में गुरु बालकदास की प्रतिमा खंडित, सतनामी समाज में भारी आक्रोश कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी


गिरिश गुप्ता

गरियाबंद:- फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम दर्रीपार में सतनामी समाज के आराध्य गुरुदेव बालकदास की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही सतनामी समाज में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष फिंगेश्वर थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। समाजजनों ने प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजिम विधायक रोहित साहू भी ग्राम दर्रीपार स्थित घटनास्थल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। तहसीलदार, एसडीएम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस का पूरा अमला घटनास्थल पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।

घटनास्थल पर सतनामी समाज के पदाधिकारी एवं दर्रीपार के सामाजिक बंधु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समाज के लोगों ने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि गुरु बालकदास की प्रतिमा समाज की आस्था और श्रद्धा से जुड़ी है। इसलिए मामले की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

तनाव के बीच पुलिस बल तैनात

प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना के बाद दर्रीपार क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

अज्ञात के खिलाफ शिकायत, जांच में जुटी पुलिस

समाज की ओर से फिंगेश्वर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दी गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों, परिस्थितियों और अन्य सुरागों के आधार पर प्रतिमा खंडित करने वाले व्यक्ति की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी

सतनामी समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक बंधुओं ने स्पष्ट किया है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की जाती है, तो समाज द्वारा आंदोलन किया जाएगा। समाज ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।फिलहाल विधायक रोहित साहू, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले की जांच और पुलिस की आगामी कार्रवाई को लेकर सतनामी समाज एवं क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button