छत्तीसगढ़शहर एवं राज्य
देखिए वीडियो; छग में ये कैसा विकास, नदी पार कर स्कूल जाने के लिए मजबूर हैं स्कूली बच्चे
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नेता मंत्री अपनी पांच साल की सरकार के विकास कार्यों का गुणगान करते नहीं थक रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ किये गए विकास की पोल भी अब खुलते नज़र आ रही है एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहाँ पर उफनते नदी को पार कर बच्चे प्रतिदिन स्कूल जाते हैं। यह पूरा मामला केशकाल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत फ़रसगांव ब्लॉक के ग्राम परोदा का है। जहाँ पर आज भी नदी में पुल निर्माण नहीं होने के चलते दर्जनों स्कूली बच्चे नदी को पार कर गांव से लगभग 3 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचते हैं । कुछ दिन पूर्व भी फरसगांव विकासखंड अंतर्गत एक गांव में लकड़ी के सहारे छोटे-छोटे स्कूली बच्चे नाला को पार करते नजर आए थे ।
ग्रामीणों ने बताया कि नदी में तेज पानी होने के बाद भी बच्चों को स्कूल जाना पड़ता है कोई अनहोनी ना हो इस लिए हम लोग प्रतिदिन सुबह-शाम इन बच्चों को नदी पार करवाते हैं । इस बीच कभी-कभी बच्चे पूरी तरह भीग जाते हैं साथ ही डूबने का खतरा भी बना रहता है।
ग्राम पंचायत परोदा के सरपंच सोमनाथ शोरी ने कहा कि हमारे द्वारा कई बार स्थानी जनप्रतिनिधि सहित शासन प्रशासन के सभी लोगों को अवगत करा दिया गया फिर भी यहां पर पुल का निर्माण नहीं हो रहा है । प्रतिदिन बच्चे जान जोखिम में डालकर इस नदी को पार करते हैं। गांव से लगभग 3 किलोमीटर दूर कोनगुड़ के स्कूल में बच्चे पढ़ने जाते हैं ।
स्कूली बच्चों का भी कहना है कि प्रतिदिन स्कूल जाना पड़ता है इसीलिए हम लोग भीगते हुए भी इस नदी को पार करते हैं । जब तेज बहाव होता है तो सप्ताह भर तक स्कूल नहीं जा पाते यदि जल्द ही इस नदी में पुल निर्माण हो जाता है तो हम लोगों को आने जाने में काफी आसानी होगी।




