#Social
संजौली मामले की जांच करे सरकार

Nagrota Bagwan. नगरोटा बगवां। शिमला में मस्जिद मुद्दे पर प्रदेश सरकार गहनता से जांच करे। मस्जिद को लेकर स्थानीय लोगों में पनपते रोष के गंभीर कारण हो सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों में हिमाचल प्रदेश में ऐसी अनेक घटनाएं देखने को मिली हैं। इसलिए इस मामले की गहराई तक जाना चाहिए। यह कहना है पूर्व केंद्रीय मंत्री व वर्तमान में हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर का। दरअसल अनुराग ठाकुर जम्मू कश्मीर में होने वाले चुनावों में प्रचार करने के बाद बुधवार प्रात: जम्मू से गगल हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों को लेकर तैयार है। प्रधानमंत्रीमोदी ने जम्मू-कश्मीर में जबसे धारा 370 हटाई है, तब से जम्मू कश्मीर में
शांति का माहौल है।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की सुक्खू सरकार ने डेढ़ वर्ष में प्रदेश का बंटाधार करके रख दिया है। झूठे वादे प्रदेश की भोली-भाली जनता से किए थे, लेकिन ये वादे पूरे होते नही दिख रहे हैं। इसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के नगरोटा बगवां पहुंचने पर नगरोटा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है तथा जनता अपने आपको ठगा सा महसूस कर रही है। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, विनय चौधरी, सोनू चौधरी, सत्यम दीवान, अजीत राणा, गौरव, ब्रह्मानंद, बलराम पुरी, मनोज मेहता, रीना चौधरी, रजनी बस्सी, नवयोग, स्वर्णा वालिया, रेशमा, मधु शर्मा, मनु सूद, रविंद्र, केवल चौधरी, सुरेंद्र आदि उपस्थित थे।




