#Social
भिलाई में 7 मार्च से चार दिवसीय भिलाई मड़ई का रंगारंग आयोजन

Bhilai. भिलाई। छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और मनोरंजन का अनूठा संगम भिलाई मड़ई का आयोजन 7 से 10 मार्च तक हेलिपेड ग्राउंड, सिविक सेंटर, भिलाई में किया जा रहा है। एचडी प्रोडक्शन के योगेश अग्रवाल और प्रोड्यूसर होमन देशमुख ने एक पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। 7 एकड़ में फैले इस भव्य आयोजन में 140 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां झूले, छत्तीसगढ़ी व्यंजन और हस्तशिल्प का आनंद उठाने का अवसर मिलेगा। आयोजन प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।
7 से 10 मार्च तक ये होंगे मुख्य आयोजन
7 मार्च: ट्राइबल रैम्प वॉक और फैशन शो
8 मार्च: छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा फिल्म अवार्ड शो “रंगझाझर”
9 मार्च: बैंड वार (संगीत प्रतियोगिता)
10 मार्च: टमाटर मड़ई (50×50 फुट का कुंड, 10 टन टमाटरों के साथ होली का रंगारंग आयोजन)
छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने बताया कि छॉलीवुड का सबसे प्रतिष्ठित अवार्ड शो “रंगझाझर” पहली बार भिलाई में आयोजित हो रहा है। इस अवार्ड शो में 55 कलाकारों और 11 वरिष्ठ रंगकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी कलाकार सतीश जैन, संतोष जैन, मनोज वर्मा, उर्वशी साहू, पवन गुप्ता, रजनीश झांजी सहित बॉलीवुड और भोजपुरिया फिल्म इंडस्ट्री के नामचीन चेहरे भी शामिल होंगे। मड़ई में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राउत नाचा, पंथी, गेड़ी नृत्य की भी प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा, कुम्हार द्वारा लाइव मिट्टी के सामान बनाते हुए देखने का अनुभव भी लोगों को मिलेगा। आयोजन स्थल पर देव स्पोकन इंग्लिश क्लासेस द्वारा सेल्फी जोन भी बनाया गया है।
जहां लोग पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में फोटो क्लिक करा सकते हैं। इस आयोजन में दुर्ग, भिलाई, कुम्हारी और चरोदा से प्रत्येक दिन 50,000 से अधिक दर्शकों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद विजय बघेल करेंगे, जबकि भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और भिलाई महापौर नीरज पाल भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। मड़ई में हाउजी, मेहंदी प्रतियोगिता, रेन डांस और डीजे साउंड सिस्टम भी आकर्षण का केंद्र होंगे। आयोजकों का कहना है कि यह भिलाई में पहला आयोजन है, जिसे हर साल बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। भिलाई मड़ई के इस अनोखे उत्सव के लिए शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है।



