#Social

खेत में युवती से गैंगरेप, गांव के दबंगों पर आरोप, हिरासत में एक आरोपी


Hamirpur. हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सदर कोतवाली में एक 22 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। युवती के साथ खेत में हुए सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। आरोप है कि गांव के ही पांच दबंगों ने युवती को उसके घर के बाहर बने शौचालय से जबरन उठाकर खेत में ले जाकर दरिंदगी की। युवती के बेहोश हालत में मिलने के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल की रात लगभग 10 बजे युवती शौच के लिए घर से बाहर गई थी, तभी पहले से घात लगाए दबंगों ने उसे जबरन खेत की ओर खींच लिया। खेत में आरोपियों ने उसे कई घंटों तक अपनी हवस का शिकार बनाया। जब पीड़िता देर रात तक घर नहीं लौटी, तो परिजन उसे खोजने निकले और खेत में बेहोशी की हालत में पाए जाने पर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता और उसके परिजन न्याय की गुहार लगाते हुए सदर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।
इस मामले में एएसपी मनोज गुप्ता ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना में नामजद तीन और दो अज्ञात आरोपियों द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। वहीं, सदर सीओ राजेश कमल और कोतवाल खुद मामले की गंभीरता से जांच में जुटे हुए हैं। इस जघन्य वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button