Gold and silver price on April 29: अक्षय तृतीया से पहले सस्ता हुआ सोना-चांदी, 2% से ज्यादा की गिरावट; जानें कीमतों में कमी की बड़ी वजह

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)
Gold Rate Today: अक्षय तृतीया से ठीक पहले सोने-चांदी के खरीदारों के लिए अच्छी खबर आई है. सोने के दाम लगातार गिर रहे हैं और बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद है. आज घरेलू बाजार में MCX पर सोना 861 रुपए सस्ता होकर 95,164 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया. वहीं चांदी भी कमजोर हुई और 544 रुपए गिरकर 95,920 रुपए प्रति किलो के आसपास कारोबार करती दिखी. अगर इंटरनेशनल मार्केट की बात करें तो स्पॉट गोल्ड 0.4% गिरकर 3,329.12 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है.
वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी 0.2% गिरकर 3,342.40 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है. COMEX पर भी सोना करीब 3,300 डॉलर के आसपास आ चुका है, यानी रिकॉर्ड हाई से लगभग 200 डॉलर नीचे.
सोने की कीमतों में 2% से ज्यादा की गिरावट
घरेलू बाजार में सिर्फ एक दिन या दो दिन नहीं, बल्कि पिछले 7 दिनों में सोने की कीमतों में 2% से ज्यादा की गिरावट देखी गई है. दिल्ली सर्राफा बाजार की बात करें तो वहां भी सोने के दाम 1,000 रुपए टूट गए. अब दिल्ली में सोने का भाव 98,400 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया है. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना गुरुवार को 99,400 रुपए पर बंद हुआ था, जो अब गिरकर 98,400 पर आ गया.
वहीं 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 1,000 रुपए टूटकर 97,900 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है.
सोने-चांदी के दाम में क्यों आ रही है गिरावट?
सोने-चांदी के दाम में इतनी गिरावट का सबसे बड़ा कारण है अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तनाव में कमी. विशेषज्ञओं का मानना है कि जब दुनिया में तनाव कम होता है तो निवेशक रिस्क उठाने के लिए तैयार हो जाते हैं. ऐसे में सोने जैसी सेफ हैवन संपत्तियों की मांग घट जाती है.
तो कुल मिलाकर, अक्षय तृतीया से पहले सोने-चांदी के खरीदारों के लिए अच्छा मौका बन गया है. जो लोग शादी-ब्याह या इन्वेस्टमेंट के लिए सोना लेना चाहते हैं, उनके लिए ये गिरावट फायदेमंद हो सकती है.





