भैंस को बचाने में पांच गाड़ियां भिड़ीं, ट्रेलर ने कुचला चार को

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भैंस को बचाने के प्रयास में एक गाड़ी डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा घुसी, जिससे पीछे से आ रहे वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे के बाद बोलेरो पलट गई और उसमें सवार चार लोग किसी तरह बाहर निकलकर डिवाइडर पर आ गए। लेकिन कुछ ही देर में उदयपुर की दिशा से आ रहा एक ट्रेलर नियंत्रण खो बैठा और सीधे डिवाइडर से टकराकर चारों लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी भागचंद रेगर और थानाधिकारी भरत सिंह राजपुरोहित पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और यातायात सुचारु कराने के लिए हाईवे पर जाम खुलवाया। थानाधिकारी राजपुरोहित ने बताया कि मृतकों की पहचान सलूंबर के सेमारी क्षेत्र के भोराई घाटा निवासी अनिल पुत्र मूलचंद मीणा, डूंगरपुर के खेमा निवासी ईश्वर पुत्र धुला मीणा, सेमारी के शक्तावतों का गढ़ा निवासी जीजा देवी पत्नी जितेंद्र कुमार कटारा, और भोराई घाटा निवासी बसंती पत्नी मूलचंद मीणा के रूप में की गई है।
चारों लोग उदयपुर में अपने परिजन को डॉक्टर को दिखाकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि ट्रेलर चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि हाईवे पर मवेशियों की आवाजाही पर नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक मोड़ों और इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
Source link



