आरंग: सड़क दुर्घटना में दिव्यांग शिक्षक की हुई मौत
आरंग। थाना क्षेत्र के ग्राम जरौद में हुए एक सड़क हादसे में एक दिव्यांग शिक्षक की मौत हो गई। आरंग पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार मुलतः महासमुंद जिले के ग्राम खैरा का रहने वाला रविशंकर चंद्राकर (46) आरंग क्षेत्र ग्राम नारा के स्कूल में शिक्षक थे। जो पास के ही गांव खौली में रहते थे। रविवार दोपहर साढ़े 3 बजे वेे अपनी स्कूटी से ग्राम खौली से खैरा जा रहा थे। उनके पीछे-पीछे कार से परिवार के लोग भी ग्राम खैरा जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जरौद तालाब मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। आरंग पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।



