यात्रियों को बड़ी राहत: आज से पटरी पर दौड़ेगी 40 क्लोन स्पेशल ट्रेनें, तैयारी पूरी

नई दिल्ली। रेलवे ने सोमवार से 20 जोड़ी यानी 40 क्लोन स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। ये ट्रेन 12 सितंबर से शुरू की गई है। वहीं वेटिंग लिस्ट के चलते यात्रा को लेकर पसोपेश में रहने वाले लोगों को आज से बड़ी राहत मिलने वाली है। रेलवे ने आज से 40 क्लोन ट्रेनों को चलाने का ऐलान किया है। इससे यात्रियों को सफर के लिए आसानी से सीट मिल सकेगी।
यही नहीं रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक क्लोन ट्रेनें अपनी मुख्य ट्रेन की तुलना में 2 से 3 घंटे पहले ही गंतव्य तक पहुंचा देंगी। दरअसल ये ट्रेनें मुख्य तौर पर थर्ड एसी कोच के साथ चलेंगी। इन ट्रेनों के गंतव्य तक जल्दी पहुंचने की वजह यह है कि इनके स्टॉप सीमित रखे जाएंगे। इसके अलावा इन्हें मुख्य ट्रेनों से पहले चलाया जाएगा।
ऐसे यात्रियों के लिए यह सुविधा वरदान साबित हो सकती है, जिन्हें कई बार मजबूरी में परेशानियों के साथ यात्रा करनी पड़ती है। इसके अलावा उन्हें सीटों के आरक्षण के लिए भारी कीमत भी चुकानी पड़ती है। अधिकारी ने कहा कि इन क्लोन ट्रेनों के स्टॉप सीमित रखे जाएंगे। इन्हें आॅपरेशन हाल्ट्स परया फिर संभागीय मुख्यालयों पर ही रोका जाएगा। ऐसा इसलिए किया जाएगा ताकि ट्रेन की यात्रा का समय सीमित रहे और लोग सही समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
जानें, कितना है क्लोन ट्रेनों का किराया
बता दें कि रेलवे ने बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के रूट पर 20 जोड़ी क्लोन ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। इन ट्रेनों के किराये की बात करें तो 18 डिब्बों वाली 19 जोड़ी ट्रेनों का किराया हमसफर ट्रेनों के समान होगा। इसके अलावा लखनऊ से दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन का किराया जनशताब्दी एक्सप्रेस के समान होगा।
10 दिन पहले बुक करा सकते हैं टिकट
इन ट्रेनों के लिए अडवांस रिजर्वेशन की अवधि 10 दिन होगी। इनकी बुकिंग 19 सितंबर को सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। रेलवे अधिकारी ने कहा कि इन रूटों पर ही क्लोन ट्रेनें चलाने की वजह यह है कि इन पर मांग अधिक है। ऐसे में यह जरूरी है कि उन रूटों पर ही ट्रेनें चलाई जाएं, जहां डिमांड है।
इससे संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल होगा। हम इस फॉम्युर्ले को पहले ही लागू करने पर विचार कर रहे थे, लेकिन विकल्पों का अभाव था। इस कोरोना काल में यह अच्छा मौका है, जब ऐसी ट्रेनों के लिए मार्केट की स्थिति को समझा जाए।
कहां के लिए कितनी क्लोन ट्रेन
5 जोड़ी ट्रेन बिहार-दिल्ली के बीच पूर्व-मध्य रेलवे चलाएगा
5 स्टेशन सहरसा, राजेंद्र नगर, राजगीर, दरभंगा और मुजफ्फरनगर से होगा इनका संचालन
2 ट्रेन का संचालन उत्तरपूर्व फ्रंटियर रेलवे करेगा बिहार के कटिहार से दिल्ली के लिए
5 जोड़ी ट्रेन उत्तर रेलवे चलाएगा दिल्ली-बिहार, दिल्ली-प. बंगाल, दिल्ली-उत्तर प्रदेश के बीच
2 ट्रेन बिहार के दानापुर से सिकंराबाद के लिए दक्षिण मध्य रेलवे चलाएगा
3 जोड़ी ट्रेन गोवा-दिल्ली, कर्नाटक-बिहार और कर्नाटक-दिल्ली के बीच दक्षिण पश्चिम रेलवे की होंगी
5 जोड़ी ट्रेन का संचालन पश्चिम रेलवे बिहार (दरभंगा) से गुजरात (अहमदाबाद), दिल्ली से गुजरात, मुबई से पंजाब, बिहार (छपरा) से गुजरात (सूरत), गुजरात (अहमदाबाद) से बिहार (पटना) के लिए करेगा


