#Social
CG BREAKING: मां की हत्या और पिता पर जानलेवा हमला करने वाला बेटा गिरफ्तार

Mungeli. मुंगेली। घरेलू रंजिश के चलते मां की हत्या और पिता पर जानलेवा हमले के मामले में फास्टरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सारंगपुर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोपी पुत्र दिनेश कोसले ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी और पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई 2025 को ग्राम सारंगपुर निवासी रमेश कोसले ने थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके चचेरे भाई दिनेश कोसले ने अपनी मां देवकी बाई कोसले पर किसी ठोस वस्तु से सिर में हमला कर हत्या कर दी है।
साथ ही, अपने पिता समारू कोसले पर भी कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 21/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन और एसडीओपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में थाना फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी दिनेश कोसले ने अपना अपराध कबूल किया।
उसने बताया कि परिवार में लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते वह मानसिक रूप से तनाव में था। घटना वाले दिन उसने गुस्से में आकर अपनी मां देवकी बाई पर लकड़ी के बत्ते से सिर पर कई बार वार किया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उसने अपने पिता पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक लोहे की कुल्हाड़ी और एक लकड़ी का बत्ता जब्त कर लिया है। आरोपी दिनेश कोसले पिता समारू प्रसाद, उम्र 34 वर्ष, निवासी सारंगपुर, थाना फास्टरपुर-सेतगंगा को 24 जुलाई 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस गंभीर आपराधिक प्रकरण में थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े, उप निरीक्षक पारखराम साहू, सउनि विजय बंजार, सउनि उमेद गोयल, प्र.आर. मनोज साहू, म.आर. तारन मिरे, आरक्षक प्रकाश चंद्रवंशी और जलेश्वर कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से यह जघन्य अपराध शीघ्र सुलझाया जा सका, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।




