#Social
HP: नए ऑफिस में सबसे पहला फरियादी दिव्यांग कर्मचारी

Dehra Gopipur. देहरा गोपीपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू मानवीय सरोकारों को कितनी तवज्जो देते हैं, इसकी एक और झलक देहरा में देखने को मिली। यहां एक दिव्यांग कर्मी अपनी समस्या लेकर सीएम से मिला और सीएम ने मौके पर ही उसकी समस्या का समाधान करने के निर्देश दे दिए। बता दें कि देहरा में अपने मुख्यमंत्री ऑफिस में सीएम पहली बार बैठे और कुर्सी पर बैठते ही उनके पास सबसे पहला फरियादी 90 प्रतिशत दिव्यांग
व्यक्ति आया।
भूरी सिंह नाम के उस व्यक्ति के न दोनों हाथ थे, न ही दोनों पैर। उन्होंने बताया कि वह सीएचटी के पद पर लंबागांव में कार्यरत हैं, लेकिन वह रहने वाले अमलेला नगरोटा सूरियां के हैं। उनके घर और कार्यालय के बीच की दूरी 120 किलोमीटर है। उन्हें आने-जाने में तीन बार बस बदलनी पड़ती है और अकसर टैक्सी लेनी पड़ती है। उनका अकेले रहना असंभव है। इसलिए उन्होंने नगरोटा सूरियां के कथोली में ट्रांसफर करने की मांग की। भूरी सिंह के मुताबिक 30 नवंबर को यहां एक पोस्ट खाली होने जा रही है। भूरी सिंह की समस्या पर मुख्यमंत्री ने इस के समाधान का भरोसा दिया और तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया।




