भानुप्रतापपुर में दिवंगत विधायक की पत्नी सावित्री मंडावी पर कांग्रेस ने बनाया प्रत्याशी, भाजपा के ब्रह्मानंद नेताम से मुकाबला
रायपुर । छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर चुनाव के लिए भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। कांग्रेस ने सावित्री मंडावी को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।
आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि सावित्री मंडावी स्वर्गीय मनोज मंडावी की पत्नी हैं। सावित्री मंडावी नामांकन फॉर्म भी खरीद चुकी हैं। 17 नवंबर को अपना नामांकन दाखिल कर चुकी है।इस चुनाव में कांग्रेस का मुकाबला भाजपा के ब्रम्हानंद से होने की संभावना है। हालांकि यहां आदिवासी समाज के नेताओं में सिर फुटव्वल की नाैबत है। सर्व आदिवासी समाज ने यहां कई लोगों को मैदान में उतारने की तैयारी की है। दरअसल इस सीट पर आदिवासी आरक्षण मसले की बिसात बिछाई गई है और कांग्रेस को निशाने पर लिया जा रहा है। लेकिन इस उपचुनाव में सियासी दांवपेच के स्थान पर भावना और सदभावना के वोट पड़ने की संभावना है। वजह ये कि इस सीट पर सबसे अधिक प्रभाव रखने वाले युवा नेता मनोज सिंह मंडावी के प्रति लोगो में सद्भाव है। ये भी माना जा रहा है कि कई दावेदार होने के बाद भी कांग्रेस ने मंडावी की विधवा पर दांव लगाया है। सावित्री शासकीय सेवा में शिक्षिका के रूप में काम कर रहीं थी। सियासत से उनका कोई वास्ता नहीं था। लेकिन मनोज सिंह मंडावी की अचानक मृत्यु के कारण उन्हें सियासत में आना पड़ा है। प्रेक्षकों का अनुमान है कि सद्भावना के वोट और राज्य सरकार के कार्यक्रमों की बदाैलत वे चुनाव जीत सकतीं है। राज्य में पिछले चार साल में जितने भी उपचुनाव हुए हैं उनमें कांग्रेस की जीत हुई है।




