डीए की मांग की लेकर हजारों कर्मचारी आज से हड़ताल पर, मुख्यमंत्री ने कहा कर्मचारी हठ छोड़ें
रायपुर. आज से पूरे प्रदेश में कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होने जा रही है। यह और मजबूत तब हो गई जब आज ही एक लाख से अधिक सहायक शिक्षकों ने इस हड़ताल को अपना समर्थन दे दिया। इसके अलावा कर्मचारी अधिकारी संगठन फेडरेशन ने भी हड़ताल को समर्थन दिया है। सरकार के लिए सरदर्द वाली बात यह है कि पूरे प्रदेश के न्यायालयीन कर्मचारी भी हड़ताल को अपना समर्थन देंगे जिसके बाद पूरे प्रदेश में सरकारी ऑफिस के अलावा न्यायालय में भी कामकाज ठप्प रहेगा।
छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन” के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा एवं “शिक्षक एलबी संवर्ग छत्तीसगढ़ संघ” के प्रदेशाध्यक्ष जाकेश साहू के बीच तीन दौर के वार्तालाप एवं चर्चा-परिचर्चा उपरांत इस बात पर सहमति बनी है कि राज्य के स्कुलो में कार्यरत 1,09,000 सहायक शिक्षक एलबी संवर्ग के वेतन विसंगति दूर करते हुए 5200 + 2400 की जगह 9300 + 4200 वेतनमान करने की मांग को कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के मांग पत्र में प्रमुखता से रखा जाएगा
राज्य के फायरब्रांड कर्मचारी नेता एवं सहायक शिक्षक/शिक्षक एलबी संवर्ग छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष जाकेश साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने उन्हें फोन कर वेतन विसंगति के मुद्दे को फेडरेशन के मांग पत्र में प्रमुखता से रखे जाने की बात कहीं साथ ही यह भी जानकारी दी कि पिंगुवा कमेटी के रिपोर्ट में सहायक शिक्षकों के वेतन विसंगति का मुद्दा सम्मिलित है तथा मंत्रालय में होने वाले शासन के प्रत्येक बैठक में यह मुद्दा उठाया भी गया है।




