कलेक्टर विनय लंगेह ने दिया शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर

शाला प्रवेशोत्सव के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और विद्यालय जीवन की नई शुरुआत के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल नामांकन का अवसर नहीं, बल्कि यह प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। कलेक्टर श्री लंगेह ने शिक्षकों और पालकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु संकल्प लें। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि मध्याह्न भोजन योजना से कोई भी बच्चा वंचित न हो, और गणवेश वितरण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाए।विद्यालय प्रांगण में इस आयोजन को लेकर उत्सव जैसा माहौल रहा। बच्चों की मुस्कान, रंग-बिरंगे गुब्बारे और पारंपरिक वेशभूषा में सजे छात्रों ने इस दिन को शैक्षणिक पर्व में बदल दिया।
जिला पंचायत सीईओ एस आलोक ने कहा कि शाला का पहला दिन हमेशा यादगार रहता है। इस दिन को खास बनाने के लिए और बच्चों को प्रेरित करने के लिए शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाता है। पालकों को भी इसकी जानकारी हो जाती है कि अब बच्चे स्कूल जाएंगे,इसलिए इसकी तैयारी शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के शैक्षिक गुणवत्ता पर बहुत जोर दे रही है। जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने सभी बच्चों और पालकों को बधाई दी और कहा कि सभी पालक अपने बच्चों को स्कूल भेजें।कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे।
Source link



