‘चवन्नी का रुपया बना दिया फिर भी छोड़ गए’, अखिलेश का जयंत पर तंज

अखिलेश यादव ने सहयोगी दलों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने राजनीतिक सहयोगियों को आगे बढ़ाने का काम किया, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग साथ छोड़कर चले गए। उन्होंने किसी नेता या पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को जयंत चौधरी और आरएलडी पर राजनीतिक कटाक्ष माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी और आरएलडी ने 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ा था। दोनों दल इसके बाद भी साथ रहे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आरएलडी ने समाजवादी पार्टी से दूरी बना ली और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो गई। इसके बाद जयंत चौधरी केंद्र सरकार में मंत्री बने।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए में सभी वर्गों को जोड़कर एक ‘गुलदस्ता’ तैयार करेगी। सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी के लिए सभी वर्गों को सम्मान के साथ जोड़ा जाएगा। अखिलेश यादव ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती पर 16 अगस्त को सरकारी अवकाश घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
Source link



