जुआ फड़ पर दबिश पड़ी भारी, हुई अधेड़ की मौत मचा हंगामा

Damoh दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के बांदकपुर क्षेत्र में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश के दौरान 50 वर्षीय शिव सिंह लोधी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया और हिंडोरिया अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आनंद कलादगी ने दबिश में शामिल पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर जांच के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम बांदकपुर क्षेत्र में चल रहे जुआ फड़ पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद शिव सिंह लोधी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे।

परिजनों का आरोप है कि दबिश के दौरान पुलिसकर्मियों ने शिव सिंह के साथ मारपीट की थी और इसी वजह से उनकी मौत हुई। घटना से नाराज परिजनों ने हिंडोरिया अस्पताल में विरोध जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। हालांकि मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और उनके हृदय में छल्ले भी डाले गए थे। ऐसे में शिव सिंह की मौत की वास्तविक वजह क्या रही, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मामला पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई मौत और परिजनों की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने तत्काल कार्रवाई की है। दबिश में शामिल पुलिस स्टाफ को लाइन अटैच कर दिया गया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि शिव सिंह लोधी की मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि मौत हृदय संबंधी समस्या से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल एक तरफ परिजन पुलिस पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मृतक के पहले से हार्ट पेशेंट होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button