#Social
आयुष मंत्री ने नवाजे होनहार खिलाड़ी

पंचरुखी। प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ी को हर हाल में बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे न केवल युवा नशे से दूर रहेंगे बल्कि नशे पर करारी चोट करने के लिए भी सरकार का यह कदम कारगर है। जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के पंचरुखी में 22वीं अखिल भारतीय डा. वाईएस परमार वॉलीबाल खेल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मंत्री यादविंद्र गोमा ने यह बात कही। वह इस प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि भी उपस्थित हुए। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन देने के लिए हर संभव
प्रयास कर रही है।
हिमाचल के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय खेल विजेताओं की सम्मान राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। मंत्री ने इस दौरान वॉलीबाल खेल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हरियाणा की टीम को ट्रॉफी प्रदान की। वहीं दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली भारतीय सेना और इंडियन नेवी की टीम को भी उन्होंने पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान मंत्री ने विभिन्न गणमान्य लोगों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया।



