मनोज मंडावी की मौत का जिम्मेदार भूपेश सरकार, बृजमोहन अग्रवाल ने कहा जनता लेगी बदला, लखमा बोले – माफी मांगे बृजमोहन
भानुप्रतापपुर में चुनाव के नजदीक आने के साथ ही जुबानी जंग धारदार होती जा रही है, अब कुछ दिन पहले पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के भानुप्रतापपुर में सभा के दौरान दिए गए बयान को लेकर बवाल मचा हुआ है।
17 नवबर को सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा था कि, यहाँ के विधायक मनोज मंडावी जी को सीएम भूपेश बघेल अनसुना कर देते थे। उनको बिल्कुल भी भाव नही देते थे। भानुप्रतापपुर में विकास न होने के कारण मनोज मंडावी बहुत परेशान थे, शायद इसलिए उनको दिल का दौरा पड़ा। मैं तो यह भी कहूंगा कि मनोज मंडावी की मौत का अगर कोई जिम्मेदार है तो, वो भूपेश बघेल है। इसलिए भूपेश बघेल से इस बात का बदला लेना है भानुप्रतापपुर की जनता को भाजपा के प्रत्याशी को वोट देकर। इधर बृजमोहन अग्रवाल के इस बयान के जवाब में प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा है कि भाजपा लाशों पर राजनीति करती है इनकी आदत है लखमा ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।




