BIG BREAKING : आखिरकार अभिषेक बच्चन की कोरोना रिपोर्ट आई निगेटिव, घर वापस लौटने पर जताई खुशी

नई दिल्ली। 29 दिन अस्पताल में बिताने के बाद आखिरकार अभिषेक बच्चन अपने घर वापस लौटने के लिए तैयार हैं। अभिषेक बच्चन को 11 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अब उनका टेस्ट निगेटिव आ चुका है और वे घर जाने के लिए तैयार हैं। इस खुशखबरी को अभिषेक ने खुद सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
-अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर दी खुशखबरी
बच्चन ने अपने केयर बोर्ड की फोटो शेयर की। इस बोर्ड पर लिखा है कि वे पिछले 29 दिनों से अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में हैं और अब उनका डिस्चार्ज प्लान पक्का हो गया है। अभिषेक ने कैप्शन में लिखा-आज दोपहर मेरा कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। आप सभी का मेरे लिए दुआ करने के लिए शुक्रिया। मैं बहुत खुश हूं कि मुझे घर वापस जाने को मिल रहा है। मैं नानावटी अस्पताल के डॉक्टर्स और नर्सों का दिल से आभारी हूं कि उन्होंने मेरी और मेरे परिवार की इतनी अच्छी देखभाल की। हम उनके बिना ये सब नहीं कर पाते।
बता दें कि 11 जुलाई को अभिषेक बच्चन और अमिताभ बच्चन हल्के बुखार और सांस लेने में तकलीफ जैसी परेशानियों के साथ मुंबई के नानावटी अस्पताल पहुंचे थे। दोनों का कोरोना टेस्ट हुआ तो उसके रिजल्ट पॉजिटिव पाए गए। उसी रात दोनों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था। अमिताभ और अभिषेके के बाद ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या बच्चन में भी कोरोना के लक्षण सामने आने के बाद उन्हें भी अस्पताल में भर्ती किया गया था।
ऐश्वर्या और आराध्या जल्द ठीक होकर वापस घर लौट गई थीं। पिछले हफ्ते अमिताभ बच्चन का कोरोना टेस्ट निगेटिव आने के बाद वे भी घर चले गए। अभिषेक अपने टेस्ट के बार-बार पॉजिटिव आने से काफी परेशान थे और जल्द घर जाना चाहते थे। उन्होंने कई दिनों तक अपने केयर बोर्ड की फोटो इंस्टाग्राम शेयर कर घर जाने की इच्छा जताई थी। अब जब अभिषेक बच्चन ठीक हो गए हैं तो उन्हें घर जाने की इजाजत मिल गई है। हालांकि अब उन्हें कुछ समय तक होम क्वारंटीन रहना होगा।