#Social

BJP की उपलब्धियां बताई, कांग्रेस की नाकामियां गिनाई


Una. ऊना। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। शुक्रवार को बैठक के दूसरे दिन भाजपा ने यहां केंद्र सरकार के वर्तमान परिदृश्य पर संतोष जाहिर करते हुए प्रस्ताव पारित किया, वहीं कार्यसमिति बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति की कड़ी आलोचना करते हुए प्रस्ताव पारित किया। बैठक में विधायक त्रिलक जमवाल ने केंद्र सरकार के वर्तमान परिदृश्य पर प्रस्ताव रखा, जिसका अनुमोदन प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा और राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने किया। इसी तरह दूसरा राजनीतिक प्रस्ताव प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति पर श्रीनयनादेवी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रणधीर शर्मा ने रखा, जिसका अनुमोदन राज्यसभा सांसद डा. सिकंदर कुमार ने किया और सभा में इसका समर्थन करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अपना पक्ष रखा। कार्यसमिति ने राजनीतिक प्रस्ताव में नरेंद्र मोदी को देश का लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर

हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यसमिति ने लोकसभा चुनावों में जीत, केंद्रीय मंत्री बनाए जाने एवं राज्यसभा में सदन का नेता चुने जाने पर जेपी नड्डा को भी बधाई दी। राजनीतिक प्रस्ताव में आयुष्मान भारत योजना में आयु सीमा की शर्त हटाकर 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को पात्र बनाना, देश के तीन करोड़ गरीब लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास देना, देश 11 करोड़ किसानों को 22 हजार करोड़ रुपए की किसान-सम्मान निधि देना, अग्निवीर जवानों का कार्यकाल चार वर्ष से बढ़ाकर सात वर्ष करना जैसे जनहित में लिए गए निर्णयों का स्वागत किया गया। देश में तात्कालिक प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल घोषित किए जाने वाले काले दिन 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने के फैसले को भाजपा ने ऐतिहासिक निर्णय बताया। भाजपा ने वर्तमान सरकार द्वारा मीडिया पर एफआईआर दर्ज करने के मामले को तानाशाहीपूर्ण मानते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया का गला घोंटने के प्रयासों की भी कड़ी निंदा की। भाजपा का यह भी आरोप है कि पिछले वर्ष हुई प्राकृतिक आपदा से निपटने में यह सरकार पूर्णत: नाकाम रही है। भाजपा कार्यसमिति में समाज में नशे के खिलाफ जन जागरण अभियान चलने का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा संकल्प लिया गया। भाजपा नशे के खिलाफ एक निर्णायक जंग शुरू करने जा रही है। बैठक में सभी भाजपा विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा और प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संयोजक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button