झारखंड में भाजपा की हालत खराब, सीएम रघुवर दास भी पीछे
झारखंड में झामुमो नीत गठबंधन के बढ़त की ओर लगातार बढ़ने के बाद कांग्रेस ने सोमवार को उम्मीद जताई कि राज्य में इस गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलेगा और हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अगली सरकार बनेगी। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा, ‘‘हमने लोगों के जीवन को छूने वाले मुद्दे उठाते हुए चुनाव लड़ा। हमें विश्वास है कि हम सरकार बनाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिा की, लेकिन लोग उनके साथ नहीं गए।’’ सिंह ने कहा, ‘‘हमने पहले ही घोषणा की है कि सोरेन मुख्यमंत्री बनेंगे।’’ झारखंड के लिए कांग्रेस के समन्वयक अजय शर्मा ने कहा कि यह भाजपा के भ्रष्टाचार और अहंकार की हार है।
उन्होंने कहा ‘‘भाजपा ने उन भ्रष्ट उम्मीदवारों को टिकट दिया जिन्हें लोगों ने नकार दिया। कांग्रेस ने लोगों के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित रखा और आम आदमी की वह समस्याएं उठाई जिन्हें भाजपा हल करने में नाकाम रही।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन के जीत की ओर अग्रसर होने पर खुशी जताते हुए सोमवार को दावा किया कि आने वाले चुनावों में भी भाजपा की हार होगी क्योंकि उसने सिर्फ बांटने और असल मुद्दों से ध्यान हटाने की राजनीति की है।
आजाद ने यहां मिडिया से कहा, ‘‘जिस तरह से महाराष्ट्र और हरियाणा के लोगों ने भाजपा को सबक सिखाया है, झारखंड की जनता भी उसी रास्ते पर गई है। मुझे विश्वास है कि परिणाम कांग्रेस के गठबंधन के पक्ष में होगा।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘ आने वाले समय में जो भी चुनाव होंगे, उनके नतीजे भाजपा के खिलाफ होंगे। इसकी वजह है। पिछले छह वर्षों में भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री ने खुद देश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया है और विवादित मुद्दों के जरिए लोगों का ध्यान असल मुद्दों से हटा दिया है। जितने भी वादे उन्होंने किए थे, वो पूरे नहीं किए।’’
बता दें कि झारखंड में विधानसभा की 81 सीटों पर हुए चुनाव के लिए सोमवार को मतगणना चल रही है और अब तक मिले रुझानों के अनुसार जेएमएम-कांग्रेस- 41 भाजपा – 30 आजसू 03 जेवीएम- 03 अन्य – 04 आगे चल रहें है।