नगरीय निकाय में बंपर जीत का श्रेय भूपेश ने दिया कार्यकर्ताओं को
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव में मिली जीत के बाद पीसीसी चीफ मरकाम एवं सीएम भूपेश बघेल ने पत्रकारों से प्रेस कॉन्फ्रेंस में चर्चा की। पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने नगरीय निकाय चुनाव की जीत को राज्य सरकार के कामकाज की जीत करार दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज को लेकर हम जनता के बीच गए थे और जनता ने हमारी सरकार की योजनाओं पर अपना मुहर लगाया है। सरकार हर वर्ग का विकास कर रही है इसलिए सभी नगरीय निकायों में हमें अच्छी सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को क्रिसमस की बधाई दी और अटल जी को उनकी जयंती पर याद किया। उन्होंने कहा कि शहरी मतदाताओं ने कांग्रेस पर फिर से विश्वास किया, सभी पार्षद को बधाई देता हूं। हमारे कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया उन्हें भी बधाई देता हूं।
उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अधिकांश नगर निगमों में कांग्रेस की जीत हुई है। सिर्फ कोरबा में भाजपा हमसे आगे है। दुर्ग में अच्छी सफलता मिली, कवर्धा में हम जीते। सभी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के क्षेत्रों में भी सफलता मिली है।
महापौर एवं अध्यक्ष के चयन के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि सभी के मत से महापौर और नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष चुने जाएंगे। उन्होंने कहा कियह चुनाव राज्य सरकार के कामकाज के आधार पर कांग्रेस ने जीता है, भाजपा को जनता ने नकारा है। जनता ने शहरों में कांग्रेस को चुना है, हमने 9 नगर निगमों में जीत दर्ज की, एक में भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिला यह हमारी बड़ी उपलब्धि है।