CGNews: नशे में धुत स्कूल पहुंची महिला प्रधान पाठक शिक्षिका, कलेक्टर ने किया सस्पेंड

छत्तीसगढ़ के कई सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे ही है। आलम ये है कि अब शिक्षक ही नही बल्कि महिला शिक्षिका भी शराब के नशे में टल्ली होकर स्कूल पहुंच रही है। ताजा मामला जांजगीर जिले का है यहां शासकीय प्राथमिक शाला लेवई में महिला प्रधान पाठक शराब के नशे में टेबल पर पैर तान कर सोती दिखी। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने महिला प्रधान पाठक को सस्पेंड कर बीईओं और बीआरपी को नोटिस जारी किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक पूरा मामला शासकीय प्राथमिक शाला लेवई का है। यहां स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर हीरा पोर्ते पदस्थ है। 19 सितम्बर को वह नशे की हालत में विद्यालय में उपस्थित थीं। इस दौरान वह स्कूल में टेबल पर पैर रखकर सोती मिली, वहीं स्कूल के बच्चे मध्यान्ह भोजन करने के बाद बगैर किसी अध्यापन कार्य के ही घर चले गये। मीडिया के जरिये जब ये मामला सामने आया, तब शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जांजगीर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल इस मामले पर संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिये।

कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम अकलतरा, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला लेवई का आज निरीक्षण कर जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से इस बात की पुष्टि हुई की कि विद्यालय की प्रधान पाठक हीरा पोर्ते 19 सितम्बर को नशे की हालत में विद्यालय में उपस्थित थीं। जांच रिपोर्ट में मिले इस गंभीर कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते प्रधान पाठक हीरा पोर्ते पर तत्काल एक्शन लिया गया।

कलेक्टर के निर्देश पर महिला प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं कलेक्टर ने मॉनिटरिंग में लापरवाही के लिए संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलौदा और बीआरसी बलौदा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे आदतन शिक्षकों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही प्रारंभ की जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए है कि शिक्षा व्यवस्था की मर्यादा और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button