किसानों पर लाठीचार्ज को कृषि मंत्री ने बताया भाजपा का प्रायोजित प्रचार
धान खरीदी को लेकर किसानों के आक्रोशित होने और फिर कोंडागांव में उन पर लाठीचार्ज करने के मामले में कृषिमंत्री ने सीधे तौर पर खंडन करते हुए कहा है कि ये भाजपा का प्रायोजित प्रचार है। उन्होंने कहा कि अब तक 82 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। बहुत जगह में किसानों के नए बारदाने की समस्या थी। जहां-जहां बारदाने की कमी थी वहां पर बारदाना पहुंचाने के निर्देश जारी किए गए थे।
उन्होंने कहा कि जिनका टोकन कट चुका है, पंजीयन हो चुका है। उनको खरीदी करने के संदर्भ में निर्देश दिया जा चुका है। जो असंतोष दिख रहा है वह प्रायोजित दिख रहा है।
कल किसानों पर हुए लाठीचार्ज को भी कृषि मंत्री ने मानने से इंकार करते हुवे कहा कि प्रदेश में लाठीचार्ज की स्थिति नहीं है, चक्का जाम हुआ था प्रशासन ने समझाने का प्रयास किया है।
कृषि मंत्री रवींद्र चौबे ने समर्थन मूल्य के अंतर की राशि किसानों को देने की योजना पर बताया कि बजट में 5000 करोड़ के अतिरिक्त राशि की व्यवस्था की है। जिसके जरिए समर्थन मूल्य के अंतर की राशि किसानों को दी जाएगी। उप मंत्रिमंडलीय समिति ने नीतिगत तैयारी कर ली है मुख्यमंत्री के लौटते ही नाम तय होगा।